देहरादून- देशभर में आज 72 वां गणतंत्र दिवस समारोह मना रहा है। उत्तराखंड में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने ध्वजा रोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी सांसद मालाराज लक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा समेत कई विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 10.30 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान सेना, पीएससी, पुलिस और होमगार्ड की रैतिक परेड हुई। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने प्रदेशवासियों से गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस महात्मा गांधी और संविधान के प्रमुख शिल्पी बाबा साहब आंबेडकर सहित सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं, देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिये दिन-रात तैनात रहने वाले सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करने का दिन है।
राज्यपाल ने कहा कि पिछला एक साल कोरोना महामारी के कारण सभी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। इस महामारी के खिलाफ उत्तराखंड सहित पूरे देश ने आत्मविश्वास और संकल्प का प्रदर्शन किया। 16 जनवरी से विश्व का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण कार्यक्रम शुरू हो चुका है। उत्तराखंड में भी कोविड के मामलों में बहुत कमी आई है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की खुशहाली के लिए जरूरी है कि यहां की महिलाओं, युवाओं, किसानों, व्यापारियों सहित सभी वर्गों और समुदायों के लोगों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिले। प्रदेश सरकार ने आत्म निर्भर उत्तराखंड का निर्माण करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। राज्यपाल ने कहा है कि प्रदेश की ग्रामीण जनता को बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की मूलभूत सुविधाएँ आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए। कोविड-19 की चुनौती के बीच राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी कई कार्य किए गए।