देहरादून- उत्तराखंड में सोमवार देर रात से ही राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने चार जिलों में भारी हिमपात की चेतावनी भी जारी की है। साथ ही अन्य जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने राज्य सरकार के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। चेतावनी को देखते हुए शासन ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमाली और पिथौरागढ़ में भारी हिमपात हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 1600 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में विशेष सतर्कता की जरूरत है। चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम के बदले मिजाज के बीच प्रदेश में शीतलहर चल सकती है। वहीं, कई शहरों में कोल्ड डे कंडीशन की स्थिति भी बनने के आसार हैं।