प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को काशी पहुंच रहे हैं। दोपहर बाद आ रहे पीएम पौने सात घंटे तक यहां प्रवास करेंगे। वह कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित भव्य देव-दीपावली समारोह में शामिल होने के साथ ही दीपदान की छटा भी निहारेंगे।आज पहुंच रहे पीएम राजातालाब के पास खजुरी में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की 2447 करोड़ रुपये की राजातालाब-हंडिया सिक्सलेन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। यहां 5000 भाजपा कार्यकर्ताओं की सभा को वह संबोधित भी करेंगे। प्रोटोकॉल के मुताबिक वह दोपहर 2.10 बजे अपने विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सेना के हेलीकॉप्टर से खजुरी में उतरेंगे। करीब नौ माह बाद आ रहे सांसद व पीएम के स्वागत को लेकर काशीवासी उत्साहित हैं। शहर से गांव के चौराहे, सड़क व भवनों को भगवा झंडा से पाट दिया गया। जगह-जगह केंद्र सरकार की योजनाओं व पीएम की उपलब्धियों की होर्डिंग व बैनर भी दिख रहे हैं। रात 8.50 बजे वह दिल्ली रवाना भी हो जाएंगे।