प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। वे आज अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन करेंगे। जिसके बाद राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी पारंपरिक परिधान धोती कुर्ता पहने हुए नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से अयोध्या के लिए विशेष विमान से रवाना हो गए हैं। 10:35 पर पीएम मोदी के विशेष विमान की लखनऊ हवाई अड्डे पर लैंडिंग होगी। इसके बाद वे 10:40 बजे हेलिकॉप्टर से अयोध्या के लिए निकलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में आज 12 बजकर 15 मिनट और 15 सेकंड पर राम मंदिर का भूमिपूजन करेंगे। खास बात यह है कि भगवान श्रीराम ने अभिजित मुहूर्त में जन्म लिया था और उसी मुहूर्त में आज मंदिर के लिए भूमि पूजन होने जा रहा है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख भागवत समेत कई विशिष्ट हस्तियां इसकी साक्षी बनेंगी।
