देहरादून- उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के बीच डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। हरिद्वार जिले में बीते दिन डेंगू के दो मरीज मिले हैं। इससे सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ने लगी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के साथ-साथ डेंगू की रोकथाम के लिए तैयारियां शुरू कर दी थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले ही सभी जिलाधिकारियों और विभागों को डेंगू नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के दिशानिर्देश जारी किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य सचिव अमित सिंह नेगी ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए जिला स्तर पर सभी तरह की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों में अलग से डेंगू आईसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। प्रत्येक जिले में एलाइजा जांच किट और टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभाग को निर्देश दिए गए हैं।