उत्तराखंड- उत्तर भारत के कई राज्यों में फसलों को तबाह कर चुका टिड्डियों का दल अब उत्तराखंड पहुंच गया है। शुक्रवार को अचानक टनकपुर, रुद्रपुर और सितारगंज में टिड्डियों का दल मंडराते देख लोग हैरान हो गए। देर शाम तक टिड्डियों का दल मंडराता नजर आया। वहीं, मझोला प्रथम गांव में पहुंचे टिड्डी दल ने धान की फसल पर हमला कर दिया। किसानों ने शोर कर टिड्डी दल से फसल का बचाव किया। हालांकि, टनकपुर में फसलों पर उनके हमले की कोई सूचना नहीं है। इधर, किच्छा के सैंजना सहित कुछ गांवों में भी टिड्डियों का दल दिखाई देने से किसान चिंतित हो उठे हैं। बताया जा रहा है कि टिड्डियों का यह दल फिलहाल सीमा पर लगे मनुवा पट्टी गांव की ओर चला गया है। वहीं, रुद्रपुर में उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कुछ गावों में टिट्डी दल देखा गया। किसानों ने इसकी सूचना कृषि विभाग के अधिकारियों देकर मदद की गुहार लगाई। जिस पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने कुछ गांवों का निरीक्षण कीटनाशकों का छिड़काव कराया।