देहरादून- गैरसैण में होने वाले विधानसभा के बजट सत्र की अवधि सरकार बढ़ा सकती है अब होली के बाद भी सत्र चलने की संभावना है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से चर्चा के बाद कहा कि जरूरत पड़ी तो होली के बाद भी सत्र चलाया जा सकता है। अभी गैरसैण में बजट सत्र के लिए 3 से 7 मार्च तक का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया हैं। बुधवार शाम मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के बीच इस मसले पर चर्चा हुई। जिसके बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले 1 मार्च से बजट सत्र आहूत किया जाना था लेकिन 1 मार्च से ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव होना है इसे देखते हुए 3 मार्च से गैरसैण में बजट सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा यदि आवश्यकता पड़ी तो होली के बाद भी सत्र को आगे चलाया जा सकता है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सभी की अपेक्षा होती है कि बजट सत्र की अवधि थोड़ा अधिक हो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वीकार किया कि आवश्यकता अनुसार सत्र की अवधि बढ़ा सकते है। विधानसभा अध्यक्ष ने संभावना जताई कि होली के बाद भी सत्र चलेगा होली के बाद सत्र गैरसैण में होगा या देहरादून में इस सवाल को अध्यक्ष टाल गए।


