पौड़ी- उत्तराखंड के पौड़ी जिले के विकासखंड नैनीडांडा के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगदेई में तैनात सहायक अध्यापक धर्मेंद्र नेगी का चयन सोनी टीवी पर आने वाला मशहूर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के लिए हुआ है। केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचने में अब बस एक सवाल की दूरी है। सही जवाब देने पर वह हॉट सीट पर महानायक अमिताभ के सवालों का जवाब देते नजर आएंगे। धर्मेंद्र शो की शूटिंग के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। शिक्षक धर्मेंद्र नेगी के छोटे भाई एसडीएम शैलेंद्र नेगी ने बताया कि केबीसी की रिकार्डिंग के लिए धर्मेंद्र के साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी मुंबई गए हैं। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले केबीसी की एक टीम जिला मुख्यालय से दौ सौ किलोमीटर दूर जगदेई स्कूल, रामनगर स्थित उनके आवास, देहरादून निवास और शिक्षक की रिकार्डिंग भी करके ले गई।
वहीं केबीसी में धर्मेंद्र के सलेक्शन के बाद शिक्षकों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन चयन के बाद केबीसी के लिए धर्मेंद्र नेगी का बीती जुलाई में लखनऊ में स्क्रीनिंग टेस्ट हुआ था। इसमें सामान्य ज्ञान, परिवार, व्यवसाय से जुड़े बीस सवाल पूछे गए थे। साक्षात्कार में सफल होने के बाद धर्मेंद्र का केबीसी के लिए फाइनल सलेक्शन हुआ। साथ ही उन्होंने बताया कि केबीसी को शिक्षक वर्षों से देखते आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आगामी 25 अगस्त तक मुंबई में शो की शूटिंग होगी और फिर टीवी पर इसका प्रसारण होगा। धर्मेंद्र के चयन से शिक्षकों में खुशी की लहर है।


