देहरादून- भारतीय सेना में पहली बार सैनिक जनरल ड्यूटी के रूप में महिला सैन्य पुलिस के लिए खुली भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती रैली 12 सितंबर से लखनऊ में होगी। इसमें यूपी और उत्तराखंड की 4458 से अधिक युवतियों के शामिल होने का अनुमान है। रैली के आवेदन का नोटिफिकेशन 25 अप्रैल को जारी हुआ था। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड क्षेत्र के सभी जिलों के भारतीय सेना में महिला सैन्य पुलिस (सैनिक जनरल ड्यूटी) के नामांकन के लिए एक खुली भर्ती रैली 12 सितंबर 2019 से 20 सितंबर 2019 तक एएमसी सेंटर एवं कॉलेज लखनऊ में भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) लखनऊ द्वारा आयोजित की जाएगी। महिलाओं को अन्य रैंकों में शामिल करने के लिए भारतीय सेना के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।



