जम्मू-कश्मीर में आज कड़ी सुरक्षा के बीच ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। अनुच्छेद 370 के हटने के बाद पूरी घाटी में धारा 144 लागू है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात हैं। इस बीच कश्मीर के लोगों ने ईद का त्योहार मनाया। सोमवार सुबह श्रीनगर समेत अन्य शहरों में लोग ईद की नमाज़ पढ़ने के लिए मस्जिद में पहुंचे। प्रशासन की तरफ से लोगों को नमाज़ पढ़ने के लिए धारा 144 में कुछ ढील दी गई थी।
श्रीनगर से ईद की जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उसमें स्थानीय लोग पुलिसवालों के साथ ईद मनाते नज़र आ रहे। इस दौरान लोग पुलिसवालों से गले भी मिले। इस दौरान पुलिसवालों ने कई मस्जिदों में मिठाई भी बांटी। हालांकि, इस दौरान भारी संख्या में लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई गई थी और थोड़ी-थोड़ी संख्या में ही लोगों को एकत्रित होने दिया गया। आपको बता दें कि श्रीनगर समेत अन्य शहरों में ईद को देखते हुए धारा 144 में ढील दी गई थी। इस दौरान बाजार खुले हुए थे और लोग आसानी से बाहर घूम-फिर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह ईद की नमाज़ खत्म होने के बाद एक बार फिर पाबंदी लागू कर दी गई है। यानी एक बार फिर धारा 144 में सख्ती बरती जा रही है।