सावन के दूसरे सोमवार पर पौराणिक मंदिर नीलकंठ महादेव में दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए देश के कोने-कोने से पहुंच रहे हैं। नीलकंठ महादेव पर भी लंबी लंबी कतारें लगी हुई हैं। नीलकंठ महादेव पर जल चढ़ाने के लिए दो किलोमीटर से भी लंबी कतार लगी हुई हैं।
जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त रात 3 बजे से ही जुटने लगे थे और इससे सुबह तक मंदिर के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गई थी। अब तक एक लाख से ज़्यादा लोगों ने जलाभिषेक कर लिया है और रात तक करीब 3 लाख लोगों के जलाभिषेक करने की उम्मीद है। नीलकंठ महादेव के पुजारी आचार्य भानुपति के अनुसार सावन में भगवान भोलेनाथ के दर्शन मात्र से सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
लेकिन एक बड़ी समस्या इतने सारे लोगों को सुरक्षित दर्शन, जलाभिषेक करवाने की होती है। जिस काम में महिला-पुरुष पुलिसकर्मी भी लगे रहते हैं दूर-दूर से आए और घंटों लाइन में लगे भक्तों को दर्शन और जलाभिषेक करने के लिए चंद सेकेंड्स ही मिलते हैं। लेकिन शिवभक्त भी यह बात समझ रहे हैं क्योंकि उन्हीं की तरह लाखों लोग जलाभिषेक करने के लिए कतारों में हैं और थोड़ी सी देर से बड़ी अव्यवस्था हो सकती है।


