देहरादून- चारधाम यात्रा की शुरुआत में अब सिर्फ एक सप्ताह का समय शेष रह गया हैं। सरकार अब पहली बार औपचारिक तौर पर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने जा रही है। आज पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज यात्रा व्यवस्था से जुडे विभिन्न संगठनों और शासन-प्रशासन के अफसरों के साथ यात्रा की तैयारी समीक्षा बैठक करेंगे। इसी कड़ी में आज विधानसभा सभागार में चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई गई है। इसमें मोटर मार्गों, वैकल्पिक मार्गों की स्थिति के साथ ही चिकित्सा, पेयजल, ऊर्जा, दूरसंचार, परिवहन, होटल इत्यादि सुविधाओं को लेकर बात की जाएगी। शासन प्रशासन के अफसरों के अलावा इस बैठक में अध्यक्ष सुलभ इंटरनेशनल और होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है।



