देहरादून- उत्तराखंड की घनसाली टिहरी सीट से कांग्रेस के बागी धनीलाल शाह ने आज देहरादून में फिर से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने आज देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के सामने ने सदस्यता ग्रहण की। धनीलाल शाह ने 2017 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था। बता दे लोकसभा चुनाव का एलान होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस के सामने इस वक्त सबसे बड़ा कार्यक्रम राहुल गांधी की रैली है। 16 मार्च को प्रस्तावित इस रैली में कांग्रेस की तरफ से कहा जा रहा है कि कुछ बडे़ नाम पार्टी के साथ जुड़ सकते हैं इसलिए पूरी गोपनीयता बरती जा रही है। इन स्थितियों के बीच, पार्टी में लोगों को शामिल कराने का अभियान जरूर शुरु कर दिया गया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के विधानसभा क्षेत्र चकराता के ग्राम सिलामू के कई ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस में ही हर वर्ग के हित सुरक्षित है।



