
देहरादून- लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने के बाद निगम की टीम ने रविवार की शाम से शहर की विभिन्न सड़कों पर लगे पोस्टर-बैनर उतरवाने का काम शुरु कर दिया है। अपर नगर आयुक्त नीरज जोशी ने बताया कि रविवार की शाम से पोस्टर-बैनर हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही टीम शहर भर में अभियान चलाकर पोस्टर-बैनर उतारने का कार्य करेगी।
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से नगर निगम, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों में विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। अब आचार संहिता हटने के बाद ही विकास कार्य शुरू हो पाएंगे। नगर निगम बोर्ड बैठक में बीते दिनों कई विकास कार्यों की घोषणा की गई थी। उसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, लेकिन आचार संहिता लगने पर अब सड़क, नाली, पार्क आदि संबंधी सभी कार्य अगले करीब तीन ताह तक नहीं हो पाएंगे। इसी तरह लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क बनाने और उसके मरम्मतीकरण को लेकर जो टेंडर निकाले जाने थे, इससे संबंधित सभी कार्य भी आचार संहिता हटने के बाद शुरू हो पाएंगे।



