देहरादून- राजभवन में वसंतोत्सव 2019 का रंगारंग कार्यक्रमो के साथ आगाज हो चुका है। राज्यपाल बेबी रानी मोर्या ने उत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद विशेष डाक टिकट का विमोचन किया गया। उन्होंने पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस मौके पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहे। कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। छोलिया नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।
वसंती मौसम और उस पर खूबसूरत फूलों की महक हर प्रकृति प्रेमी को आकर्षित करती है। फूलों के संसार की सैर करने का मन हो तो राजभवन दून आपके स्वागत को तैयार है। दरअसल, हर वर्ष मनाया जाने वाला वसंतोत्सव इस बार शनिवार से शुरु हो गया। इस दो दिवसीय उत्सव की शुरुआत राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने किया। इसमें ट्यूलिप, गुलाब, गेंदा, रजनीगंधा के अलावा कट फ्लावर के रूप में जरबेरा, कारनेशन, ग्लेडियोलस, लीलियम, आर्किड समेत फूलों की विभिन्न प्रजातियों की खूबसूरती को आप निहार सकते हैं। बता दें दो दिन राजभवन आम लोगों के लिए खुला रहेगा और आमजन को राजभवन में पुष्प प्रदर्शनी देखने के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना होगा। कल 10 मार्च को सुबह 10 बजे से आमजन के लिए पुष्प प्रदर्शनी खुल जाएगी, 10.30 बजे सुबह से योग क्रियाओं का प्रदर्शन, 03.17 बजे अपराह्न विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इस मौके पर सचिव आरके सुधांशु, उद्यान सचिव डी. सेंथिल पांडियन, अपर सचिव देवेंद्र पालीवाल, डॉ रतन कुमार, डॉ वीर सिंह नेगी, अरुण पांडे आदि मौजूद रहे।


