हरिद्वार- हरिद्वार में साल 2021 मे कुंभ का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष चिदानन्द मुनि महाराज ने विदेशी तीर्थ यात्रियों को कुंभ में आने का निमंत्रण दिया। चिदानंद चाहते हैं कि आगामी कुंभ में सातों महाद्वीपों के लोग शामिल हों। ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के दौरान पहुंचे विदेशी पर्यटकों के दल को चिदानन्द मुनि महाराज ने चंडीदेवी मंदिर में दर्शन पूजन कराया। महिला दिवस पर मां शक्ति के साक्षात स्वरूप चंडी देवी के महात्म्य की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड स्विटजरलैंड और स्प्रिचुअल लैंड का संगम है।
वहीं, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने वीआइपी घाट पहुंचकर विदेशी पर्यटकों को स्फटिक की माला पहनाई और उनका स्वागत किया। आगामी 2021 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ में आने का निमंत्रण भी दिया। वहीं, स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने कहा कि आगामी कुंभ में सातों महाद्वीप से करीब दो सौ देशों के लोग शामिल हो, इसके लिए ऋषिकेश में हुए अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में आए अस्सी देशों के पर्यटकों में से करीब 35 देशों के प्रतिनिधियों को हरिद्वार के धर्म स्थलों का दर्शन कराया गया। साथ ही उन्हें यहां के धार्मिक, आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराया।


