देहरादून- बार काउंसिल ऑफ इंडिया और बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के बैनर तले प्रदेश भर के अधिवक्ता आज हड़ताल पर रहे। राजधानी देहरादून में अधिवक्ताओं ने राजभवन कूच भी किया। उन्हें रास्ते में पुलिस ने रोक दिया। मंगलवार को कचहरी स्थित विधि भवन पर अधिवक्ता एकत्रित हुए। इस दौरान वकीलों ने नारेबाजी की और राजभवन कूच को निकले। कनक चैक के पास उन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा कर रोक दिया। इसके बाद वहां पहुंचे एडीएम अरविंद पांडेय ने वकीलों से ज्ञापन लिया। इसके बाद वकील वहीं से वापस हो लिए। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में बताया गया कि अधिवक्ता हितों के लिए यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दस सूत्रीय मांगों में राज्य सरकार के उपक्रम, आयोग व कमीशन अधिकरण में रिटायर्ड जज की जगह अधिवक्ताओं की नियुक्ति करने, अधिवक्ता व उनके परिवार को बीस लाख रुपये का बीमा कवर देने, कनिष्ठ अधिवक्ताओं को पांच वर्ष तक कम से कम दस हजार रुपये फैमिली पेंशन देने, ब्याज मुक्त होम, वाहन व लाइब्रेरी लोन दिए जाने की प्रमुख मांगें शामिल हैं। वहीं, 65 वर्ष से कम के अधिवक्ता असामायिक मृत्यु पर परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता दिए जाने की भी मांग शामिल हैं।
