देहरादून- राजधानी देहरादून मे आज सचिवालय संघ ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। सुबह से ही सभी संवर्गों के कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। वहीं 15 अक्टूबर से सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ ने अल्टीमेटम दिया है कि इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो आंदोलन ओर तेज किया जाएगा। सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि सभी संवर्गीय संघों की ओर से आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए सचिवालय संघ को अधिकृत किया गया। आंदोलन का निर्णय लेने से पहले सचिवालय संघ ने संवाद के जरिये कार्मिकों की मांगों का समाधान का प्रयास किया है, लेकिन संघ को वार्ता के लिए समय न देने से ऐसा लगता है कि सरकार व शासन कार्मिकों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है। अब संघ ने निर्णय लिया है कि आज से सभी संवर्गीय कर्मचारी सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक सचिवालय परिसर में धरना देंगे। वही 15 अक्टूबर से सामूहिक अवकाश पर रहेंगें।
ये हैं सचिवालय कार्मिकों की मांगें
सभी रिक्त पदों पर डीपीसी करना।
सचिवालय संवर्ग के पांच कार्मिकों की वरिष्ठता को लेकर जारी आदेश निरस्त करना।
समीक्षा अधिकारी व अपर निजी सचिव को 5400 ग्रेड वेतन।
सचिवालय सेवा के लिए सृजित अपर सचिव पदों को यथावत रखना।
सचिवालय परिचारक व रक्षकों को पूर्व सेवा के अनुसार एसीपी का लाभ।
संविदा पर कार्यरत वाहन चालकों का नियमितीकरण।
सचिवालय में अग्निशमन दल का गठन।