देहरादून{शैली}- सड़क में गड्डे या गड्डो में सड़क, जी हां यही हाल आज कल राजधानी देहरादून की सड़कों का भी है देहरादून की सड़कों पर सफर अब लोगों केे लिए जान पर भारी पड रहा है। लगातार बारिश के कारण राजधानी की सभी सड़कों पर गहरे गहरे गड्ढे बन चुके है जिसपर आये दिन हादसे हो रहे है। वर्तमान समय में राजधानी देहरादून की सड़कें बदहाली की उस स्थिति में पहुंच चुकी हैं कि जहां जरा सी असावधानी जानलेवा साबित हो रही है। प्रमुख सड़कों से लेकर गली मोहल्ले तक की सड़कें बरसात के कारण बदहाल हो चुकी हैं
राजधानी का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां कि सड़कों की स्थिति ठीक रही हो। शहर के सबसे प्रमुख माने जाने वाले राजपुर रोड और ईसी रोड पर भी गहरे गहरे गड्ढे बन चुके हैं जो दोपहिया वाहनों के लिए तो बडा खतरा साबित हो रहे हैं। इन गड्ढों के कारण वाहनों के तो एक्सल तक टूट ही रहे हैं साथ ही चालकों की हड्डी पसली टूट रही हैं। जिन सड़कों की हालत सबसे अधिक खराब है उसमें हरिद्वार बाइपास, आईएसबीटी, रायपुर रोड, बल्लीवाला रोड तथा धर्मपुर रोड हैं। इन सड़कों पर न सिर्फ गड्ढों की भरमार है बल्कि सड़कों पर ईंट पत्थर और बजरी बिखरे पडे हैं जिनकी कोई भी सुध लेने वाला नहीं है। इन ईंट, पत्थर और बजरी के कारण वाहनों के चलने में भारी दिक्कतें हो रही हैं। बरसात के समय तो यह दिक्कतें और भी अधिक बढ़ जाती है क्योंकि सड़कों पर भरे पानी केे कारण गड्ढे दिखाई तक नहीं देते। वहीं पीडबल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि उनके द्वारा गड्ढों को भरवाने का काम किया जा रहा है लेकिन गड्ढों के भरवाने से समस्याएं और अधिक बढ़ रही हैं क्योंकि बारिश के बाद स्थिति फिर जश की तश हो जाती है। यूं तो राजधानी देहरादून स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल है लेकिन वर्तमान समय में दून की सड़कों की स्थिति किसी कस्बे की सड़कों की स्थिति से भी ज्यादा बदतर है।