
देहरादून। प्राइमरी तथा राजकीय विद्यालयों में संख्या की दृष्टि से लगातार छात्रों की कमी हो रही है। इस पर शिक्षकों को चिंतन करना होगा। शिक्षक विशेषकर राजकीय शिक्षक योग्य नहीं योग्यतम है, उसके बाद भी सरकारी विद्यालयों में छात्रों की संख्या घटे यह चिंता के साथ-साथ चिंतन का मुद्दा है। यह विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने व्यक्त किए। श्री रावत ने कहा कि हमे सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवता व छात्र-छात्राओं के चहुॅंमुखी विकास पर विशेष फोकस करना होगा। सरकार द्वारा एनसीईआरटी की पुस्तके लागू की गई है। शिक्षा तंत्र में सुधार हेतु निरन्तर प्रयास किए जा रहे है। हमे मिलजुल कर विचार करना होगा कि सरकारी विद्यालयों की स्थिति को कैसे बेहतर किया जाय। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रामनगर डांडा थानों स्थित शहीद नरपाल सिंह राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री विरेन्द्र सिंह कृषाली के सेवानिवृति पर आयोजित विदाई स्नेह भोज कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।