उत्तरकाशी। उत्तराखंड का सेब अब देश-विदेश में अपना लोहा मनवाएगा। इसके लिए उत्तरकाशी जिला प्रशासन कमर कस चुका है। इसका प्रमाण पहली बार एप्पल फेस्टिवल मनाने का निर्णय है। जिलाधिकारी डा़ आशीष चौहान ने इस संदर्भ में बैठक कर एप्पल फेस्टिवल को पर्यटन के साथ जोड़ने का निर्णय लिया है। इसमें सेना का भी सहयोग लिया जायेगा। फेस्टिवल के तय स्थल को साफ-सुथरा कर सुसज्जित करने के निर्देश डीएम ने दिये हैं। सेब उत्पादन के इस पहल को बेहतर बताते हुये प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
बैठक में जिलाधिकारी डा़ चौहान ने कहा कि सेब को बढ़ावा देने के लिए सेब को पर्यटन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए आगामी 28 सितम्बर को हर्षिल में एक दिवसीय एप्पल फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। हर्षिल एप्पल फेस्टिवल में प्रजातिवार सेब प्रदर्शनी के साथ किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों, आधुनिक मशीनों की जानकारी दी जाएगी। सेब उत्पादन के एक्सपर्ट की टीम के भी यहां पर सेब के बारे में वृहद जानकारी देगी। डीएम ने कहा कि जनपद में सेब को पर्यटन से जोड़े जाने पर जहां लोगों की आर्थिकी बढ़ेगी। देश-विदेश के पर्यटकों को भी सीधे सेब के बगीचे में जाकर स्वयं सेब को तोड़ने पर अलग अनुभूति होगी। महोत्सव के सफल सम्पादन के लिए कोर कमेटी गठित की गई।
सीएओ महिधर सिंह तोमर ने बताया कि जनपद में पहली बार हर्षिल एप्पल फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेब महोत्सव में सेब प्रदर्शनी के साथ, बेकरी, आईसक्रीम, सेब से बने उत्पाद जैम, चटनी, मुरब्बा,जूस, कृषि एवं उद्यानी यंत्रों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। साथ ही क्रेता-विक्रेता मिलन कार्यक्रम के साथ ही सेब की कटिंग, बडिंग, ग्राफ्टिंग, एन्टी हेल नेट, ड्रिप इरिगेशन, दवा छिड़काव एवं पेड़ों के रख-रखाव के फील्ड डेमो किसानों को दिया जाएगा।