देहरादून। देहरादून के सभी मॉल सिनेमा घरों में जनता की जेब काटी जा रही है। यह आरोप एन्टी करप्शन क्राइम कंट्रोल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाये। संजय अग्रवाल का आरोप है कि देहरादून के सभी मॉल्स में स्थित सिनेमा घरों में बिक रहा सामान बाजार दरों से कई गुना अधिक है, जो उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। इस संदर्भ में सरकार व शासन की ओर से कोई कार्यवाही नहीं होती जिससे भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद है।
देहरादून में छह मॉल है जहां सिनेमाघर भी है। इन सभी सिनेमाघरों में यही प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे आम जनता से लूट हो रही है। श्री अग्रवाल का आग्रह है कि सरकार इन सिनेमाघरों की इस लूट पर अंकुश लगाएं ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिले। वार्ता में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद सत्पथी व सुभाष भारद्वाज भी उपस्थित थे।



