
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार तो हैं ही, युवाओं में लोकप्रिय सांसद के रूप में खासे चर्चित है। कवि, साहित्यकार, कथाकार तथा संसदीय परंपराओं के जानकार विशेषकर उत्तराखंड के युवाओं के रोल मॉडल के रूप में माने जाने वाले डा. रमेश पोखरियाल निशंक इन दिनों हिमालय की विशेष चिंता में है। इसी संदर्भ में उन्होंने हिमालय राज्यों के सांसदों से विशेष चर्चा की। स्पर्श गंगा अभियान को विशेष रूप से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित करने तथा सुश्री हेमा मालिनी को ब्रांड अंबेसडर बनाकर योजना को महत्वपूर्ण आयाम देने वाले डॉ. निशंक की हिमालय के प्रति चिंता इन दिनों काफी सराही जा रही है।

डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मानते हैं कि हिमालय को बचाना हम सबकी जरूरत है। हिमालय को बचाने की इन रणनीतियों के सृजन और क्रियान्वयन के लिए एक प्रभावी मंच की आवश्यकता है जहां पर सभी हितधारक अपने ज्ञान और अनुभव के आधार पर विभिन्न समस्याओं से निपटने के लिए समाधान प्रस्तुत कर सकें ।
डॉ. निशंक के इस आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, अजय टम्टा एवं गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपना मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर सांसद भगत सिंह कोश्यारी , पीडी राय, श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, डॉ थोकचोम मेंय, प्रेमदास राय अनुराग ठाकुर ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार रखे।
डॉ. निशंक का कहना है कि हिमालय की समस्याएं हिमालय जितनी विकराल है। हिमालय में सतत विकास की अवधारणा को धरातल पर लाने के लिए हमें लगातार प्रयास करने होंगे। हिमालय पर चर्चा इन्हीं प्रयासों की श्रृंखला में एक छोटा सा कदम है।



