देश के सर्वोच्च सैनिक शिक्षण संसथान देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड से देश के 423 जेंटलमेंट कैडेट पासआउट होकर सेना में लेफ्टिनेंट बन गए। आईएमए की चेटवुड बिल्डिंग के ड्रिल स्क्वॉयर में आर्मी बैंड की धुन पर 140 रेगुलर, 123 टेक्निकल और 25 यूईएस कोर्स के 490 कैडेट कदमताल के साथ पूरे वताबरण में जोश भरने पहुंचे। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड की सलामी ली। आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने सेना में शामिल हुए अफसरों को देश की सुरक्षा, सम्मान की चुनौतियां स्वीकार करते हुए बेहतर अफसर बनने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने नव सैन्य अधिकारियों में जोश भरा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सैन्य पुलिस में अब महिलाओं की भर्ती शुरू की जाएगी। जनरल रावत ने कहा कि हमें सैन्य टुकड़ी में महिलाओं की जरूरत है, क्योंकि हम लोग कई बार जब ऑपरेशन में जाते हैं, तो वहां कई बार महिलाएं हमारे आगे आ जाती हैं।
कैडेटों ने परेड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को जोश से भर दिया। ड्रिल स्क्वॉयर पर कदमताल करते हुए 423 भारतीय और मिश्र राष्ट्रों के 67 जेंटलमैन कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना की मुख्यधारा में शामिल हो गए।



