Homeराज्यउत्तराखण्डधामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, यहां पढ़ें...

धामी कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, यहां पढ़ें सभी फैसले

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सरकारी भर्तियों, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा लाभ और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन फैसलों से वन विभाग, चिकित्सा शिक्षा, आबकारी और श्रम विभाग सहित कई क्षेत्रों में बदलाव का रास्ता साफ हुआ है।

कैबिनेट ने सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को स्वीकृति दी है। वहीं, श्रम विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। इस कोष के माध्यम से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जाएंगी।

फार्मा अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग के नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई है। इसके बाद डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

चीनी मिलों को मिलेगी 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी

राज्य की चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने में मदद के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। इसके अलावा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली है।

पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का बॉन्ड

राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी

मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। उत्तराखंड में काम नहीं करने के चलते एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई।

सेतु आयोग में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से जुड़े पदों को मंजूरी दी गई है। वहीं, आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular