Homeराज्यउत्तराखण्डबेटियों की शिक्षा पर राज्यपाल का बड़ा बयान, STEM में महिलाओं की...

बेटियों की शिक्षा पर राज्यपाल का बड़ा बयान, STEM में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर

देहरादून : राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘स्टेम (STEM) में महिला सहभागिता एवं सशक्तीकरण’ विषयक कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल समानता का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की वैज्ञानिक क्षमता और विकास की आवश्यकता भी है। महिलाओं की प्रतिभा एवं दृष्टिकोण को इन क्षेत्रों से जोड़कर ही देश नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयाँ प्राप्त कर सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ज्ञान, सृजन और समृद्धि का आधार माना गया है। नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी प्रमुख शक्ति है। जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और स्वावलंबन मिलता है, तब समाज की प्रगति अधिक व्यापक और स्थायी बनती है।

उन्होंने कहा कि आज एआई, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्र भविष्य की आर्थिक एवं सामाजिक संरचना को नई दिशा दे रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण की अवधारणा अब महिला-नेतृत्व वाले विकास के व्यापक संकल्प में परिवर्तित हुई है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलें महिलाओं को शिक्षा, उद्यमिता एवं आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण और उसमें नारी शक्ति की नेतृत्वकारी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा ध्येय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सशक्त, विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होना चाहिए। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में युवा शक्ति एवं नारी शक्ति की निर्णायक भूमिका रहेगी।

राज्यपाल ने कहा कि STEM में महिलाओं की भागीदारी केवल उच्च शिक्षा में प्रवेश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका विस्तार विद्यालयी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग, रोजगार, उद्यमिता और नेतृत्व तक होना चाहिए। बालिकाओं में विद्यालय स्तर से ही विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करने के साथ उन्हें प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक गतिविधियों, तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने होंगे।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व में बेटियों के लिए शिक्षा के अवसर और संसाधन सीमित थे। पांचवीं कक्षा तक पढ़ पाना भी बड़ी उपलब्धि माना जाता था और आठवीं तथा कॉलेज की शिक्षा अधिकांश बेटियों के लिए दूर की बात थी। आर्थिक कठिनाइयों के कारण अभिभावक बेटियों को अच्छी शिक्षा, पुस्तकें और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पाते थे। उन्होंने अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्हें मध्य प्रदेश में शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, तब उन्होंने बेटियों को स्कूल जाने के लिए साइकिल, अच्छी ड्रेस और पुस्तकें उपलब्ध कराने की पहल की।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular