हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन-प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चिड़ियापुर से लेकर गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैंप और देवपुरा तक विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त सख्त
मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां लगातार जारी हैं। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने देर शाम तक विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति परखी।
निर्माण कार्यों में देरी पर होगी कार्रवाई
बता दें कि सबसे पहले चिड़ियापुर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार का जायजा लिया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद गौरीशंकर द्वीप में गंगा नदी पर बनाए जा रहे अस्थायी पुल का निरीक्षण किया। यह पुल बैरागी कैंप को जोड़ने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण होगा। मंडलायुक्त ने पुल की मजबूती और सुरक्षा के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
दीवारों पर आकर्षक रंगाई-पुताई और चित्रांकन कराने के निर्देश
वहीं गौरीशंकर सेक्टर में शिविर स्थलों की ड्रेसिंग और लेवलिंग, सड़क निर्माण, बिजली और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। इसके अलावा गंगा कैनाल पर बन रहे बैली ब्रिज के कार्यों की जानकारी ली। वहीं देवपुरा क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और फसाड विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए भवनों और दीवारों पर आकर्षक रंगाई-पुताई और चित्रांकन कराने के निर्देश दिए।



