Homeराज्यउत्तराखण्डराज्यपाल गुरमीत सिंह का 5 साल का सफर रहा यादगार, विदाई पर...

राज्यपाल गुरमीत सिंह का 5 साल का सफर रहा यादगार, विदाई पर सीएम धामी ने की जमकर तारीफ…

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के कार्यकाल का समापन होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के पांच साल के कार्यकाल को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की जमकर सराहना की। वहीं राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों से मिला प्यार, विश्वास और अपनापन उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि रहा।

CM धामी ने राज्यपाल के योगदान को सराहा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का काम किया। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा, उच्च शिक्षा, युवाओं के प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विशेष प्राथमिकता मिली।साथ ही आगे उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी जरूरतों को करीब से समझा। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए लगातार प्रेरित किया। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध, कौशल विकास और नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास पर भी उनका विशेष जोर रहा।

युवाओं और महिला सशक्तीकरण के लिए किए उल्लेखनीय प्रयास

सीएम धामी ने कहा कि राज्यपाल गुरमीत सिंह ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष रुचि दिखाई। युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने के उनके प्रयास भी सराहनीय रहे।मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों के प्रति राज्यपाल के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर उनकी संवेदनशीलता हमेशा देखने को मिली।

 

देवभूमि के लोगों का स्नेह मेरी अनमोल उपलब्धि’ : राज्यपाल गुरमीत सिंह

विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश सरकार, प्रशासन और प्रदेशवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही।राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि के लोगों से मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धि है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड साहस, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। अपने कार्यकाल में उन्हें शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रोत्साहन और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए काम करने का अवसर मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

लोक भवन में भी दी गई विदाई

मुख्यमंत्री आवास के विदाई समारोह के अलावा लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने सभी के सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।

 

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular