देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा, भक्ति और मानव सेवा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए इसे भारतीय संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी प्रयास बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उनके जीवन से जुड़े मूल्य समाज को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा देते हैं।

विश्वभर में आस्था का केंद्र है कैंची धाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज से जुड़ा कैंची धाम आज देश-दुनिया में आस्था के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके संदेश को रचनात्मक माध्यमों के जरिए लोगों तक पहुंचाने से भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में मदद मिलती है।
‘हनुमान अंश’ में भक्ति और मानव सेवा का संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ भक्ति, सेवा, प्रेम और लोककल्याण जैसे मूल्यों को सामने लाने का प्रयास करती है। उन्होंने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म
‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया समेत अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म हिंदी भाषा में 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।