Homeराज्यउत्तराखण्डस्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी का प्रदेशवासियों को संदेश, बोले- विकसित और...

स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी का प्रदेशवासियों को संदेश, बोले- विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने में दें योगदान

Uttarakhand Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का भी आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग देश और प्रदेश की प्रगति में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

सैन्य परंपरा और वीरता पर उत्तराखंड को गर्व

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली विरासत पर गर्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

निवेश और सीमांत क्षेत्रों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं।

सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से काम किया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है।

इसके अलावा सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ सगंध कृषि को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

UCC और सख्त कानूनों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है।

उन्होंने धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में सरकारी सेवाओं में 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

शिक्षा और पूर्ण साक्षरता का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नई शिक्षा नीति को लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है। हाल ही में प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है, जिसे उन्होंने देश में पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।

पर्यटन और चारधाम यात्रा का बढ़ता दायरा

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान अब पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के साथ-साथ फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। वहीं प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा में करीब 5 करोड़ शिव भक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक लौटे हैं।

उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के संचालन के साथ प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। सहकारी समितियों में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना और लखपति दीदी योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रदेश में अब तक 3 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अंत्योदय के मूल मंत्र के साथ राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से उत्तराखंड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

 

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular