टिहरी। लंबगांव-बिजपुर-पनियाला मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार लुवार्खा/पनियाला निवासी वाहन स्वामी आकाश लाल (28) पुत्र कुंवर लाल और चालक मुकेश लाल (34) पुत्र जयपाल लाल टाटा सूमो संख्या UK07 F 6754 से लंबगांव से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिजपुर बैंड पर मोड़ काटते समय वाहन अनियंत्रित होकर नीचे वाली सड़क पर जा गिरा।
गनीमत रही कि वाहन पलटने के बाद सड़क पर ही रुक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में दोनों लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाना उचित नहीं समझा।
स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को सीधा कर सड़क किनारे लगाया गया, जिसके बाद दोनों लोग अपने घर चले गए। हादसे के बाद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सड़क के खतरनाक मोड़ों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।