मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। बैठक दोपहर 12:30 बजे शुरू होगी। माना जा रहा है कि इसमें कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सरकार की मुहर लग सकती है।
सीएम धामी की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट की बैठक
आज होने वाली कैबिनेट की बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में मानसून सत्र आयोजित करने की संभावित तारीख और स्थान को लेकर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा अलग-अलग विभागों से जुड़े कई प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के सामने रखे जाने की संभावना है।
उपनल कर्मचारियों को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला
कैबिनेट बैठक में उपनल कर्मचारियों के समान काम के लिए समान वेतन के मुद्दे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। इस मामले में सरकार की ओर से गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति पहले ही अपनी सिफारिशों पर विचार कर चुकी है।
प्रस्ताव के मुताबिक, पात्र उपनल कर्मचारियों को 1 मार्च 2026 से समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की व्यवस्था की जा सकती है। इसके दायरे में 15 अक्टूबर 2024 तक विभिन्न विभागों में नियुक्त किए गए उपनल कर्मचारी शामिल होंगे। अगर इस प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलती है, तो इसका लाभ प्रदेश के अलग-अलग सरकारी विभागों में कार्यरत करीब 22 हजार उपनल कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है।