हरिद्वार : कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल और व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एक ओर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी कर रहे हैं, तो वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में जुटा है।
कांवड़ यात्रा में सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की गई है। घाटों पर सपोर्टिंग चेन, रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे और सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। प्रशासन लगातार अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को जागरूक कर रहा है। जिलाधिकारी ने शिवभक्तों से निर्धारित मार्ग का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील करते हुए यात्रा को सफल बनाने में सहयोग मांगा।
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के जिला सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। टीमों ने दूध, पनीर, सॉस सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर सैंपल लिए हैं। अब तक 60 से अधिक लीगल सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं और 14 गंभीर मामलों में न्यायालय में वाद दायर किए गए हैं।
मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। पिछले तीन दिनों में 211 नमूनों की जांच में अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों को तत्काल नष्ट कराया गया। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
[…] Source link […]