हरिद्वार : कांवड़ यात्रा और मानसून के मद्देनज़र हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 141 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अब तक 10 लाख से अधिक शिवभक्त हरिद्वार पहुंच चुके हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के चलते संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। कुंभ से जुड़े अधूरे कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।