टिहरी गढ़वाल : टिहरी गढ़वाल गंगोत्री नेशनल हाईवे पर कंडीसौर से लगभग 10 किलोमीटर पहले दो स्विफ्ट डिजायर कारों की आमने-सामने कल शाम को टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गंगोत्री नेशनल हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कार सवार सभी यात्री सुरक्षित
बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। जिसके बाद आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की गई। राहत की बात यह रही कि दोनों कारों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़ी दोनों क्षतिग्रस्त कारें दिखाई दे रही हैं।