हरिद्वार : कांवड़ मेला-2026 को लेकर जीआरपी ने सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है। हरिद्वार जीआरपी मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक रेलवेज अरुणा भारती की अध्यक्षता में हुई समन्वय बैठक में जीआरपी, आरपीएफ, सीमावर्ती जीआरपी, जिला पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर मंथन किया।
कांवड़ मेला-2026 के लिए GRP अलर्ट
कांवड़ मेला-2026 के लिए GRP अलर्ट मोड में है। मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 4 जोन और 7 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी से सघन चेकिंग होगी। महिला और चाइल्ड हेल्प डेस्क के साथ खोया-पाया केंद्र भी बनाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए 7 मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, जबकि भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें और रेक भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
मेले के दौरान रेलवे स्टेशनों पर होगा कड़ा पहरा
नजीबाबाद, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के अधिकारियों के साथ बेहतर अंतरराज्यीय समन्वय बनाकर रियल-टाइम सूचनाएं साझा की जाएंगी। कांवड़ियों को जहरखुरानी, चोरी, चेन स्नैचिंग और साइबर अपराध से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जाएगा। पुलिस ने साफ कर दिया है कि मेले में हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।