Homeराज्यउत्तराखण्डरामनगर अस्पताल को मिली बड़ी राहत, डॉक्टरों की तैनाती शुरू, जल्द और...

रामनगर अस्पताल को मिली बड़ी राहत, डॉक्टरों की तैनाती शुरू, जल्द और मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

रामनगर : कुमाऊं और गढ़वाल के प्रवेश द्वार रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी को लेकर मरीजों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था,इस मुद्दे को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी कई बार उठाया था,अब अस्पताल में नए डॉक्टरों की तैनाती शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर होने की उम्मीद जगी है।

रामनगर अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती शुरू

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. तपन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में पैथोलॉजिस्ट डॉ. एल.पी. चौहान ने अस्पताल में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं, इसके अलावा एक चिकित्सा अधिकारी ने भी जॉइनिंग कर ली है। उन्होंने बताया कि डीटी सर्जन डॉ. धर्मा ने भी कार्यभार संभाल लिया है, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिल सकेगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान में एक फिजिशियन और एक सर्जन का स्थानांतरण रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के लिए किया गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।

जल्द और मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

अन्य स्थानों से स्थानांतरित होकर आए कुछ चिकित्साधिकारियों ने अस्पताल में अपनी जॉइनिंग दे दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष डॉक्टर भी जल्द कार्यभार संभालेंगे। जिससे अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में 100 एमए की दो एक्स-रे मशीनें सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और मरीजों को एक्स-रे जांच की सुविधा मिल रही है,हालांकि सीटी स्कैन मशीन तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल बंद है। उन्होंने कहा कि सोमवार को मशीन की जांच कराई जाएगी और जो भी तकनीकी समस्या होगी, उसका जल्द समाधान कर मशीन को दोबारा चालू कराने का प्रयास किया जाएगा।

अस्पताल में अधिकांश आवश्यक दवाइयां उपलब्ध

दवाइयों की उपलब्धता को लेकर डॉ. तपन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में अधिकांश आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं। जिन दवाइयों की कमी है, उन्हें भी जल्द उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अस्पताल में नए डॉक्टरों की तैनाती और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से रामनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है,अब लोगों की निगाहें शेष विशेषज्ञ डॉक्टरों की जॉइनिंग और सीटी स्कैन मशीन के जल्द शुरू होने पर टिकी हैं।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular