Homeराज्यउत्तराखण्डटनकपुर में CM धामी का 'युवा संवाद': बोले- विकसित भारत के निर्माण...

टनकपुर में CM धामी का ‘युवा संवाद’: बोले- विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है युवा शक्ति..

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शनिवार को टनकपुर पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। टनकपुर स्थित मिलन वाटिका में शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में युवाओं ने विज्ञान एवं तकनीक, रोजगार, पलायन, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने विस्तार से उत्तर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत में साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज समेत कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
सीमांत क्षेत्रों से पलायन और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को उनके घर के पास बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केंद्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए द्वार खोले जा रहे हैं। रात्रिकालीन राफ्टिंग जैसी पहलें क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं।
नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से “ड्रग फ्री देवभूमि मिशन” का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा इस अभियान के ब्रांड एम्बेसडर बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर और मेट्रो मैन ई. श्रीधरन के उदाहरण देकर युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।


महिला सशक्तिकरण के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की 2.75 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। नंदा गौरा योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
नकल विरोधी कानून को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे जा चुके हैं। अब प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित हो रही हैं तथा युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में सिमरन जोशी, काव्या गोयल, पवन गढ़कोटी, ध्रुव शुक्ल, तरुण बोहरा, अविनाश जुयाल और शाहिद सहित कई युवा शामिल रहे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि की पावन भूमि से उन्हें सदैव विशेष स्नेह और आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और देश का युवा नए भारत की विकास गाथा लिख रहा है। उत्तराखण्ड सरकार शिक्षा, खेल, नवाचार, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है ताकि प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

Most Popular