देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल दिवस के मौके पर बड़ी घोषणा की है। सीएम धामी ने शहीदों को मिलने वाली अनुदान राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने का ऐलान किया है।
शहीदों का सम्मान, हमारी प्राथमिकता
हमारी सरकार सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के परिजनों को अब ₹10 लाख की जगह ₹50 लाख की धनराशि देगी साथ ही उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय के अतिरिक्त अन्य विभागों में भी नियुक्ति प्रदान करेगी। pic.twitter.com/UhVHoov0rH
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 26, 2024
उत्तराखंड में बढ़ी शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शहीदों के परिजन सरकारी नौकरी के लिए दो वर्ष नहीं बल्कि पांच वर्ष तक आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शहीदों के आश्रितों को अभी तक जिलाधिकारी कार्यालय में समूह “ग” और “घ” के पद रिक्त होने पर ही नियुक्ति मिलती थी. लेकिन अब अन्य विभागों में भी उक्त समूह के पदों पर रिक्तियां दी जाएंगी। सैनिक कल्याण विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों को उपनल कर्मियों के समतुल्य अवकाश दिया जाएगा।
सीएम धामी ने कारगिल युद्ध के बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि
सीएम ने कारगिल दिवस के मौके पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत की सेना विश्व की सबसे सशक्त सेनाओं में से एक है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त बना है. सेना को मजबूती मिली है। कुछ लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं। सीएम धामी ने विपक्ष पर तंज कस्ते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव में प्रधानमंत्री को रोकने की कोशिश की। एक समय था जब भारत विश्व के मंचों पर अपनी बात नहीं रख पाता था लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है।