हरिद्वार/रुड़की – रुड़की के सालियर से मंगलौर को जा रहे बाईपास पर पनियाला के समीप एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने शव को बरामद किया है।
मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड से सतवीर निवासी इक्कड़ थाना पथरी ज़िला हरिद्वार के रूप में हुई है। मृतक की गला रेत कर हत्या की गई है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मृतक के परिजन और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच चुके हैं।
बताया गया है कि युवक पंजाब जाने के लिए सोमवार की शाम को घर से निकला था। उसके साथ दो युवक और थे जो उसे अपने साथ ले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही सीओ रुड़की विवेक कुमार और कई पुलिस थानों की पुलिस पहुंची है। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मृतक के पास से उसका मोबाइल भी पुलिस को नहीं मिला है।
सीओ रूड़कीं विवेक कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा पुलिस सभी तथ्यों को जोड़कर जांच कर रही हैं।
