देहरादून- इन दिनों उत्तराखंड में बारिश ने कहर ढहा रखा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश के कारण तबाही का मंजर है। बीती रात हुई भारी बारिश के कारण दून से ऋषिकेश को जोड़ने वाला रानीपोखरी पुल का एक हिस्सा भरभरा नदी में समा गया और पुल से गुजर रहे कई वाहन नदी में गिर गए। वही ऋषिकेश से टिहरी जाने वाले ऑल वेदर रोड पर पहाड़ से आए मलबे और पथरों व पानी ने कई किलोमीटर सड़क को ध्वस्त कर दिया जिसके कारण एनएच 94 पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर 12 बजे के आसपास डोईवाला रानीपोखरी के बीच बना पुल बीच से टूट गया। अचानक हुए इस हादसे में पुल से गुजर रहे कई दोपहिया व चार पहिया वाहन नीचे नदी में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई और बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया। इस हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटे आई है तथा किसी की भी जान नहीं गई है। मौके पर पहुंचे डीएम दून आर राकेश कुमार ने बताया कि नदी में पानी का बहाव एक तरफ होने के कारण एक पिलर टूट गया। उन्होंने कहां की मौके पर स्थिति देखने के बाद पता चलेगा कि दुर्घटना का क्या कारण रहा है। मौके पर अन्य सभी विभागीय अधिकारी भी पहुंच गए थे। इस पुल का निर्माण 1964 में हुआ था तथा यह पुल गढ़वाल को जोड़ने वाला सबसे प्रमुख पुल है। पुल के टूट जाने से गढ़वाल जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतें हो गई है। उधर ऋषिकेश टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी भारी तबाही की खबर है। ऑल वेदर रोड का कई किलोमीटर लंबा हिस्सा तेज बहाव व पहाड़ से आए बोल्डरों के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। डीएम टिहरी ने मौके पर जाकर स्थिति को देखा और इस मार्ग को आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। आगराखाल और फमोट के बीच पूरी रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।



