देहरादून- त्रिवेंद्र सरकार की कैबिनेट बैठक 23 अक्टूबर को अल्मोड़ा में होगी। पंचायत चुनाव के चलते डेढ़ माह बाद राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्र में त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल की यह तीसरी बैठक होगी। अभी तक टिहरी और पौड़ी में मंत्रिमंडल की बैठक हो चुकी हैं। टिहरी में बीते साल और पौड़ी में इसी साल मई माह के आखिरी हफ्ते में बैठक हुई थी। इन बैठकों में सरकार ने राज्य से जुड़े विभिन्न फैसलों के साथ ही स्थानीय स्तर पर अहम फैसले लेने की परंपरा डाली है। 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होने वाली बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। इस बैठक में कई लंबित प्रकरणों भूमि सर्किल रेट, जल नीति सहित कई विभागों की सेवा नियमावलियों के संशोधन पर मुहर लग सकती है। वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि सरकार की आगामी कैबिनेट बैठक 23 अक्टूबर को अल्मोड़ा के किसी गांव में होगी। अधिकारियों से कहा गया है कि अल्मोड़ा में किसी गांव में इस बैठक का आयोजन किया जाए। अगर सुविधा थोड़ी कम हो तो भी कोई बात नहीं। उन्होंने कहा कि गांव में लोगों से बातचीत हो सकती हैए उनसे अहम सुझाव भी मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे।