देहरादून- राजधानी देहरादून में त्योहारी सीजन को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। बता दें कि त्योहारी सीजन के शुरूआती दिनों में बीती आठ अक्टूबर को प्रेमनगर में ज्वैलर्स के यहां लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं बुधवार की शाम भाजपा नेता को गोली मार दी गई। हालकि एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में ही स्पष्ट दिशानिर्देश दिए थे कि त्योहारी सीजन पर पुलिस प्रमुख बाजारों में विजिबल रहे, ताकि अपराधियों पर अंकुश लगाते हुए उन्हें वारदात से पहले ही पकड़ा जा सके। इसके बावजूद थाना स्तर से इसमें लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में एसएसपी ने अब सख्त रुख अख्तियार करते हुए हर हाल में शहर के प्रमुख बाजारों, शापिंग मॉल, बैंक और ज्वैलरी शॉप के आसपास पुलिस को मौजूद रहने और वहां दिख रहे संदिग्ध लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस क्रम में एसपी सिटी श्वेता चौबे ने घंटाघर और राजपुर के कई स्थानों का दौरा कर पुलिस की मुस्तैदी चेक की और ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को देर रात तक सतर्क निगाह रखने को कहा।