देहरादून- 23 फरवरी को भीम आर्मी ने भारत बंद का एलान किया है। इसको सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने पांच कमेटियों का गठन कर सदस्यों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में बंद के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने को कहा है। इसके बाद से भीम आर्मी के कार्यकर्ता जिले में सक्रिय हो गए हैं और बंद को सफल बनाने के लिए लोगों को साथ आने का आह्वान कर रहे हैं। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने 23 फरवरी को भारत बंद का एलान किया है। संस्थापक के आह्वान पर भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने भी प्रदेश में भी बंद का एलान किया है। उन्होंने बंद को सफल बनाने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। साथ ही इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्र में बंद को सफल बनाने के निर्देश भी दिए हैं। उधर, बंद के एलान के बाद जिले के पुलिस अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। खुफिया विभाग भी भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।