देहरादून- भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 15 नवंबर को देहरादून आ रहे हैं। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार देहरादून आ रहे हैं। उनके स्वागत को लेकर बीजेपी भी जोर-शोर से तैयारियों में जुट गई है। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत की तैयारी की जा रही है। इस दौरान वे पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप सहित सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
उनके आगमन को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारियों की बैठक हुई। स्वागत की तैयारियों को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि कार्यकारी अध्यक्ष के देहरादून आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में उनके कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार हुआ। बैठक में नड्डा के आगमन पर जौलीग्रांट हवाई अड्डे से लेकर डोईवाला, रिस्पना पुल और वहां से होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय आगमन व अलग-अलग स्थानों पर उनके स्वागत का कार्यक्रम बनाया गया। कार्यकारी अध्यक्ष दून में पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों व कोर ग्रुप की बैठकों सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। इस बारे में पदाधिकारियों व जन प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां भी दी गई हैं।