चंपावत/लोहाघाट – बुधवार को चंपावत से पिथौरागढ़ की ओर पंचम वाहिनी एसएसबी चंपावत के 19 जवानों को लेकर जा रही एसएसबी की बस का दोपहर लोहाघाट एनएच में मदन होटल के पास अचानक ब्रेक फेल हो गया।

जिससे बस अनियंत्रित हो गई, लेकिन वाहन चालक द्वारा हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। जिसके बाद बस सड़क में पलट गई। दुर्घटना में एसएसबी के 19 जवानों को मामूली चोटे आई है। बस दुर्घटनाग्रस्त होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एसएसबी के जवानों को बस से बाहर निकाला, सभी जवान सुरक्षित है। सूचना पर बाराकोट चौकी पुलिस तथा लोहाघाट 112 की टीम एएसआई गोपाल सनवाल के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम के द्वारा घायल जवानों का हाल-चाल जाना तथा घटना की जानकारी ली। 112 की टीम व बाराकोट चौकी पुलिस के द्वारा जेसीबी की मदद से सड़क में पलटे वाहन को सीधा खड़ा कर सड़क किनारे कर दिया गया। 112 के कर्मियों ने बताया सभी जवानों को मामूली चोटे आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर चालक ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो वाहन गहरी खाई में जा गिरता और एक बड़ी दुर्घटना हो जाती।
