देहरादून- मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत उत्तराखंड को 7 राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। ये पुरस्कार 6 सितम्बर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं जल शक्ति मंत्री भारत सरकार गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा दिया गया। उत्तराखंड की ओर से सम्मानित होने वाले प्रतिनिधियों ने आज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिव पेयजल, अरविन्द सिंह हयांकी के नेतृत्व में आए सभी प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी मनोयोग से कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए सभी को स्वच्छता अभियान में सहयोग करना होगा। कोई भी अभियान जन सहभागिता से ही पूरा हो सकता है। स्वच्छ भारत से ही स्वस्थ भारत की कल्पना साकार की जा सकती है। उत्तराखंड में गंगा व यमुना का उद्गम स्थल है। इन नदियों को स्वच्छ और निर्मल रखने की पहली जिम्मेदारी भी उत्तराखंड की है। गंगा और यमुना की स्वच्छता के साथ ही स्वच्छ उत्तराखंड के लिए हम सब को दृढ़ संकल्प होकर अपना योगदान देना जरूरी है। इस अवसर पर डीएम उत्तरकाशी आशीष चौहान, परियोजना निदेशक स्वच्छ भारत मिशन उदयराज सिंह, तत्कालीन प्रधान बगोरी भवान सिंह राणा व प्रधान अजीतपुर मायाराम मौजूद रहे।



