
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि रामनगर के निकट धनगढ़ी नाले पर पुल का निर्माण 8 नवम्बर से शुरू हो जाएगा। बलूनी को राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।
बलूनी ने कहा कि धनगढ़ी नाला गढ़वाल और कुमाऊँ के पौड़ी, चमोली, बागेश्वर और अल्मोड़ा को जोड़ता है। बरसात के दौरान ये नाला विकराल रूप ले लेता है और कई दुर्घटनाओं का सबब बनता है। कई वाहन तक इस नाले में बहे हैं। लंबे समय से नाले पर पुल बनाने की मांग हो रही थी।
सांसद बलूनी ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जल्द पुल बनाने की मांग की थी। गडकरी ने बलूनी की मांग को बेहद संवेदनशीलता से लिया और अपनी प्राथमिकता में रखा।
बलूनी ने नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा है कि उत्तराखंड में उनके नेतृत्व में ऑल वेदर रोड और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेहतर और समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जा रहा है, जो कि भविष्य में नागरिक सुविधा के साथ पर्यटन विकास में अति सहायक साबित होगा।