
उत्तराखंड के मूल राज्य उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम चल रहा है। इसका प्रमाण इलाहाबाद में घटी एक घटना है। रातों रात इलाहाबाद के सोरांव थाना क्षेत्र के राजापुर मल्हुआ गांव को रातों रात हबीब नगर बना दिया गया। यह शासन, प्रशासन द्वारा नहीं वरन् अराजक तत्वों द्वारा किया गया काम है। इसके लिए जगह-जगह प्रचार वाले पोस्टर दीवारों पर चिपकाये गए थे। जब सुबह लोगों ने इस पोस्टरों और नये नाम को देखा तो गांव में बखेड़ा खड़ा हो गया। राजापुर मल्हुआ को हबीब नगर बनाने की सूचना पर विश्व हिंदू रक्षा संगठन के मंडल सचिव पंकज ओझा दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया।
हिंदू संगठन के लोगों ने जगह-जगह लगाये गए पोस्टर और बैनरों को वहां से हटा दिया और आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के एकत्रित होने के बाद पोस्टर लगाने वाले एक स्कूल संचालक का घेराव कर उससे हाथापाई की गई और दुबारा गांव का माहौल खराब करने और सांप्रदायिक तनाव फैलाने पर चेतावनी दी गई। स्कूल संचालक द्वारा माफी मांगने और हबीब नगर के प्रचार वाली सामग्री हटाने का आश्वासन दिया।
घटनाक्रम के अनुसार इलाहाबाद के सोरांव इलाके में राजापुर मल्हुआ गांव पड़ता है। गांव में दो-तीन मुस्लिम परिवार रहने लगे और देखते ही देखते इस स्थान पर अब एक छोटी बस्ती बन चुकी है। एक स्कूल संचालक ने इस जगह को हबीब नगर घोषित कर पोस्टर और बैनर छपवाकर स्कूल के प्रचार के लिए पूरे गांव व आसपास के इलाके में लगवा दिए। जब पोस्टर पर ग्रामीणों की नजर पड़ी तो हिंदू संगठन के लोगों ने ऐतराज जताया और देखते ही देखते हंगामा खड़ा हो गया।
हिन्दूवादी संगठनों का कहना है कि गांव को हबीब नगर बनाकर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश की जा रही है। हमने पोस्टर बैनर हटवा दिए हैं, लेकिन इस कृत्य को करने वाले स्कूल संचालक ने अगर दुबारा ऐसी हरकत की तो कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन से मिलेंगे।
नोट :- ऐसी खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।



