
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में 310 विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। उन्होंने अपने कर-कमलांे से 16 विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 1,200 विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया है। इनमें से प्रथम चरण में 310 विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्थापित 15 बी0एस0एल0-2 प्रयोगशालाओं का लोकार्पण भी किया। यह प्रयोगशालाएं राज्य के अमरोहा, बागपत, भदोही, चन्दौली, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, मुजफ्फरनगर, शामली, सुल्तानपुर, संतकबीरनगर, रामपुर, सम्भल, पीलीभीत तथा फर्रुखाबाद जनपदों में स्थापित की गयी हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया पर केन्द्रित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया है। प्रदेश के राजकीय चिकित्सा केन्द्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा गरीब परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 05 लाख रुपए तक के चिकित्सा बीमा कवर की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से भी आयुष्मान भारत योजना से वंचित पात्र परिवारों को 05 लाख रुपए तक का चिकित्सा बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में प्रदेश के राजकीय चिकित्सा केन्द्रों मंे बड़ी संख्या मंे विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता है।



